मोतिहारी
जावेद आलम की रिपोर्ट
ढाका प्रखंड। पूर्वी चम्पारण कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के जटौलिया गांव निवासी 41 वर्षीय अशोक ठाकुर का शव शनिवार की सुबह खुरुई और परसा के बीच पुल के नीचे पानी में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया।
बताया गया कि अशोक ठाकुर शुक्रवार की शाम संध्या 5 बजे घर से कुण्डवा चैनपुर बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार की सुबह करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे पानी में शव को तैरते देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
मृतक अशोक ठाकुर, पिता स्व. सुखल ठाकुर, तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके तीन पुत्र हैं। शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए।
जटौलिया पंचायत के सरपंच मो. इकरामुल्लाह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने सरकारी सहायता व मुआवजा दिलाने को लेकर अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी से बातचीत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे।
मामला हादसा है या किसी साजिश का परिणाम, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इस संबंध में कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।





0 Comments