अरविन्द कुमार की रिपोर्ट
पनियरा। थाना क्षेत्र के सौरहा टोला रबेलिया में पोखरे में मछली पकड़ने गए 45 वर्षीय अर्जुन पुत्र बाढ़ू को सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में आनन-फानन में गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि अर्जुन शनिवार को गांव के ही एक व्यक्ति के पोखरे में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
अर्जुन की मौत से पत्नी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बच्चे हैं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे अमन (20) और अरुण (16) हैं। पिता की मौत से दोनों बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की हालत देख गांव के लोग भी गमगीन हैं।

0 Comments