Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

हृदय रोगियों की निगरानी में तकनीक का नया प्रयोग, आईटीएम गीडा के छात्रों ने बनाया रिमोट मॉनिटरिंग सिस्टम

 


संवाददाता दीपक शुक्ला 

सहजनवा 


गोरखपुर। आईटीएम गीडा में फार्मेसी दिवस के अवसर पर फार्मेसी विभाग के छात्रों ने हृदय रोगियों की निगरानी एवं आपातकालीन सहायता के लिए विशेष हृदय देखभाल एवं दूरस्थ निगरानी प्रणाली का कार्यशील मॉडल तैयार कर नवाचार की मिसाल पेश की। बी.फार्मा तृतीय वर्ष के छात्र उत्कर्ष तिवारी, तनु राय और सूरज प्रजापति तथा बी.टेक सीएसई तृतीय वर्ष के छात्र कृष गुप्ता ने मिलकर करीब एक माह में इस परियोजना को तैयार किया। इसे विकसित करने में लगभग दो लाख रुपये की लागत आई।


इस प्रणाली का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में मरीज की हृदय संबंधी स्थिति की तत्काल जानकारी चिकित्सक तक पहुंचाना है। इंटरनेट के माध्यम से चिकित्सक मरीज की स्थिति की लाइव निगरानी कर सकेंगे। इसकी खासियत यह है कि एक चिकित्सक एक साथ कई मरीजों की निगरानी कर सकता है। परियोजना में हृदय देखभाल सॉफ्टवेयर, जीएसएम एवं रेडियो परिपथ, 3.7 वोल्ट की बैटरी, संकेतक प्रकाश सहित विभिन्न तकनीकी उपकरणों का प्रयोग किया गया है।


छात्रों ने बताया कि इस परियोजना के जरिए तकनीक और चिकित्सा को जोड़कर दूरस्थ क्षेत्रों में मरीजों की निगरानी को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है। हालांकि, वास्तविक मरीजों पर उपयोग से पहले विशेषज्ञों की देखरेख में व्यापक परीक्षण, सत्यापन और आवश्यक नियामकीय अनुमोदन जरूरी होगा।


संस्थान के निदेशक डॉ. एन.के. सिंह ने छात्रों के इस नवाचार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को समाजोपयोगी तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .