रिपोर्ट: सच्चिदानन्द राय
गोरखपुर
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोरखनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बंद फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोरी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, हुमायूपुर उत्तरी निवासी दुर्गेश कुमार ने थाना गोरखनाथ में तहरीर देकर बताया था कि जटेपुर उत्तरी स्थित उनकी बंद फैक्ट्री का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दो लोहे की कड़ाही, तीन एल्यूमिनियम की परात, दो एल्यूमिनियम के ढक्कन, दो गैस चूल्हे, दो ट्रे तथा एक छोटा गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर थाना गोरखनाथ में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक हैदर अली खाँ ने साक्ष्य संकलित कर चार अभियुक्तों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने 06 अगस्त 2026 की रात 11:36 बजे रामपुर नयागांव बंधे से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राजन भारती, अवधेश बाल्मिकी उर्फ गोलू, विकास गुप्ता तथा विनय कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मामले में साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा अपराध निरीक्षक उमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।

0 Comments