रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।शिवपुर थाना क्षेत्र के सोनकर बस्ती निवासी सब्जी विक्रेता सुरेश सोनकर पर शराब के नशे में धुत मनबढ़ों द्वारा धारदार चाकू से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित सुरेश सोनकर पुत्र स्व. कन्हैया प्रसाद सोनकर ने शिवपुर थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि पुरानी चुंगी स्थित बीडीए कॉलोनी मोड़, मिनी स्टेडियम के सामने बुधवार रात करीब 9:30 बजे वह अपनी सब्जी की दुकान पर थे, तभी बीडीए कॉलोनी निवासी रंगोली सोनकर पुत्र स्व. राजेंद्र सोनकर अपने 8-10 साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए चाकू लेकर उन्हें दौड़ा लिया। हमलावर ने दो बार चाकू से वार करने का प्रयास किया, जिससे बचने के दौरान सुरेश गिर पड़े। मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित के छोटे भाई रोहित सोनकर के मुताबिक, दो दिन पहले उनके मकान में किराये पर रहने वाले चाट विक्रेता से कुछ युवक मुफ्त में चाट मांग रहे थे। पैसे मांगने पर उसके साथ मारपीट की गई थी। किराएदार का पक्ष लेने और उचित कीमत देने की बात कहने के बाद से ही आरोपी रंजिश रख रहे थे। इसी विवाद में सब्जी विक्रेता पर हमले का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिजनों ने शिवपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

0 Comments