रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।सारनाथ थाना क्षेत्र के हिरामनपुर-तिलमापुर स्थित प्रमोद गार्डन के अंदर मनीष जायसवाल के नए मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए मुख्य गेट समेत अंदर के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।घटना के समय मकान पूरी तरह बंद था और मनीष जायसवाल अपने परिवार के साथ पहड़िया स्थित मिश्रा पेट्रोल पंप के सामने ससुराल वाले मकान में रह रहे थे।पीड़ित के मुताबिक परसों दोपहर करीब तीन बजे वह नए मकान में सामान रखने के बाद ताला बंद कर वहां से चले गए थे।
मकान के पीछे पड़ोसी का निर्माण कार्य चल रहा है और पीड़ित के मकान के बेसमेंट की चाबी सहयोग के तौर पर पड़ोसियों को दी गई थी।सोमवार शाम करीब 5:30 बजे पड़ोस की महिला रोज की तरह अपने निर्माणाधीन मकान में दीया जलाने पहुंचीं तो उन्होंने मनीष जायसवाल के मुख्य गेट और अंदर प्रवेश वाले दरवाजे के ताले टूटे देखे।
उन्होंने तत्काल फोन कर मनीष जायसवाल को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा तो घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।पीड़ित के अनुसार चोर घर से दो सोने के हार,सोने की चार चूड़ियां,झुमका,पायल,बच्चे की सोने की चूड़ी,चांदी के अन्य सामान तथा करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।पीड़ित के परिवार में एक 5 साल की बेटी और 3 साल का बेटा भी है,जिसके आभूषण भी चोरी हुए हैं।वारदात के दौरान चोरों ने ताले तोड़ने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल किया और हैरानी की बात यह रही कि अपना हथौड़ा बेड पर ही छोड़कर फरार हो गए।मौके पर पहुंची पुलिस हथौड़ा अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए ले गई।
मनीष जायसवाल ने चोरी गए सामान की सूची के साथ पुलिस को तहरीर दी है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है।बंद मकान में हुई चोरी के बाद क्षेत्रीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।




0 Comments