Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

फूलन देवी अन्याय के खिलाफ नारी शक्ति की मिसाल: काजल निषाद

 


मुजुरी में सपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाई पूर्व सांसद की जयंती, अत्याचार से लड़ने का लिया संकल्प



​महराजगंज 


समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को मुजुरी स्थित कृष्णा लॉन में पूर्व सांसद व वीरांगना फूलन देवी की जयंती अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पनियरा विधानसभा के वरिष्ठ सपा नेता आनंद निषाद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में निषाद समाज का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उपस्थित जनसमूह ने सपा नेता आनंद निषाद को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।

​शोषितों और पीड़ितों के सम्मान की लड़ाई लड़ी: काजल निषाद

समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए गोरखपुर की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी काजल निषाद ने कहा कि पूर्व सांसद फूलन देवी केवल एक नाम नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ उठी क्रांति की वह मशाल थीं, जिसने दबे-कुचले और वंचित समाज को सिर उठाकर जीने का हौसला दिया। उन्होंने ताउम्र शोषितों, पीड़ितों और महिलाओं के स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। आज की नारी शक्ति को उनके जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेकर अपने अधिकारों के लिए निडर होकर खड़े होना चाहिए।

​सपा ने हमेशा वंचितों को दिया सम्मान: जफर अमीन 'डक्कू'

विशिष्ट अतिथि व वरिष्ठ सपा नेता जफर अमीन 'डक्कू' ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को संसद पहुंचाकर समाज के सबसे पिछड़े तबके को सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनके विचार और नीतियां हमेशा समाजवादी पार्टी की विचारधारा में जीवित रहेंगी।

​फूलन देवी का जीवन संघर्ष हमारा मार्गदर्शक: आनंद निषाद

कार्यक्रम के आयोजक आनंद निषाद ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फूलन देवी का जीवन संघर्ष और आत्मसम्मान हम सभी के लिए एक मार्गदर्शक है। पनियरा क्षेत्र का एक-एक सपा कार्यकर्ता उनके दिखाए रास्ते पर चलकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए कटिबद्ध है।

​दिग्गज नेताओं का जुटा जमावड़ा

कार्यक्रम का कुशल संचालन सपा के जिला उपाध्यक्ष शत्रुघ्न कन्नौजिया ने किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, अजय उर्फ लल्ला भैया, एमएलसी प्रत्याशी राजेश यादव, सत्यभामा, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ उर्फ लल्ला यादव, पनियरा विधानसभा अध्यक्ष अर्जुन यादव, इंद्रासन यादव, लालू यादव, अमरजीत साहनी, अंबिका यादव और भजूराम निषाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद फूलन देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .