ब्यूरो सच्चिदानन्द राय की रिपोर्ट
परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप, बेल्ट और तीन लाठी-डंडे बरामद
गोरखपुर। कैम्पियरगंज थाना पुलिस ने घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बेल्ट और तीन लाठी-डंडे बरामद किए हैं। चारों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 को आरोपी एक राय होकर वादी के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां वादी और उसके परिजनों को जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दिया गया। मारपीट में परिवार के लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना कैम्पियरगंज में मु0अ0सं0 420/2026 दर्ज किया गया। मुकदमे में धारा 191(2), 115(2), 351(3) और 109 भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में नामजद रामजग यादव पुत्र वंशराज यादव, हीरालाल यादव पुत्र शिवपूजन यादव, राजेश यादव पुत्र आधारचन्द्र यादव और विन्द्रेश यादव पुत्र रामजग यादव, सभी निवासी राजपुर, थाना कैम्पियरगंज, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक बेल्ट और तीन लाठी-डंडे बरामद किए हैं।

0 Comments