पनियरा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा की ओर से पनियरा और मुजुरी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में स्कूली बच्चों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चों और कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों से माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर सपूतों के त्याग व बलिदान को याद कर उन्हें नमन किया गया। लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश के प्रति सम्मान व गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
पनियरा और मुजुरी के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। स्कूली बच्चों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह प्रधान, भाजपा जिला महामंत्री बबलू यादव, जिला मंत्री हरिवंश सहानी, मुजुरी मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गिरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष गुड्डू सिंह, पनियरा मंडल अध्यक्ष उमेश प्रजापति समेत भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

0 Comments