गोरखपुर
संवाददाता विकास यादव
सहजनवा गोरखपुर इंडिया ग्लाईकॉल्स लिमिटेड गोरखपुर इकाई में कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल द्वारा प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था। प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ के निरीक्षक सुधीर कुमार ने प्रतिभागियों को दुर्घटना, आग लगने, बेहोशी, हृदयाघात, रक्तस्राव, हड्डी टूटने तथा अन्य आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार प्रदान करने की विधियों की जानकारी दी। साथ ही भूकंप, अग्निकांड एवं अन्य प्राकृतिक तथा मानवजनित आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, समय पर सूचना देने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने के महत्व पर विशेष बल दिया गया। एनडीआरएफ टीम ने विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर कर्मचारियों को उनसे सुरक्षित तरीके से निपटने के उपाय भी समझाए। आईजीएल के सहायक महाप्रबन्धक मानव संशाधन व् प्रशासन दशरथ मिश्रा ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाते हैं। प्रशिक्षण में अजीत गुप्ता, रणधीर सिंह, सब्बीर अहमद सहित अनेक लोग मौजूद थे।

0 Comments