![]() |
| रिपोर्ट: सच्चिदानंद राय |
गोरखपुर
थाना सिकरीगंज क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 40 वर्षीय बिजली ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की गोली मारकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, शिवकुमार तिवारी अपने ही गांव में एक निमंत्रण में भोजन करने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। शिवकुमार को तीन गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। गोली लगने के बाद उन्होंने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2024 में हुए क्रिकेट विवाद को लेकर चली आ रही रंजिश इस हत्या की वजह बताई जा रही है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारण और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हत्या की वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नोट: घटना के कारण और आरोपियों के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।





0 Comments