रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।कैंट थाना क्षेत्र में कार जलाने और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के मामले से जुड़े मनबढ़ों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।अर्दली बाजार निवासी अलंक्रिता सिंह ने कैंट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनका रेस्टोरेंट वीडीए कॉलोनी चांदमारी में स्थित है।12 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे उनका कर्मचारी रेस्टोरेंट बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था।आरोप है कि पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय के पास कुछ मनबढ़ युवकों ने उसे अलंक्रिता सिंह समझकर हॉकी से हमला कर दिया।हमले में कर्मचारी घायल हो गया और जान बचाकर मौके से भाग गया,जबकि उसकी स्कूटी वहीं छूट गई।
आरोपितों ने स्कूटी को हॉकी से पीटकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।तहरीर में आदित्य रघुवंशी,सन्नी सिंह निवासी लक्ष्मणपुर शारदा विहार कॉलोनी,शाश्वत पांडेय निवासी ऐढ़े समेत अन्य लोगों को आरोपित किया गया है।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इसी रात करीब 12 बजे कैंट क्षेत्र स्थित एक अन्य कैफे में भी आरोपितों ने विवाद,मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था,जिसमें भी यही लोग शामिल थे।तहरीर में पीड़िता ने आरोपितों से जान-माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज,प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।इससे पहले इसी गिरोह पर रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी मांगने,मारपीट,तोड़फोड़ और कार में आग लगाने के आरोप भी सामने आए थे।लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद कैंट पुलिस की कार्रवाई पर भी लोगों की नजर है।

0 Comments