संवाददाता : अहमद राजा
सोनभद्र: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनभद्र द्वारा सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान का शुभारंभ शनिवार को एमवीएम पब्लिक स्कूल एवं आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में किया गया।
एमवीएम पब्लिक स्कूल में प्रांत संगठन मंत्री आकाश ने विद्यार्थियों को परिषद की सदस्यता दिलाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण एवं छात्र हितों के लिए समर्पित एक सशक्त विद्यार्थी आंदोलन है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा व्यक्तित्व विकास के लिए परिषद से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वहीं आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में विभाग संगठन मंत्री सागर ने विद्यार्थियों को सदस्यता दिलाते हुए परिषद के उद्देश्य, कार्य एवं छात्र जीवन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से परिषद का सदस्य बनने की अपील की।
इस अवसर पर अनमोल सोनी, राहुल जालान, मृगांक दुबे, धर्मेश पाण्डेय, सक्षम पाण्डेय, आशुतोष मोदनवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हें परिषद की विचारधारा एवं गतिविधियों की जानकारी दी तथा सदस्यता ग्रहण कराई।
अभाविप सोनभद्र ने बताया कि सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़कर राष्ट्र निर्माण और समाजहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।



0 Comments