रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के मिश्रा मोहल्ले में बुधवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच 55 वर्षीय आजाद मिश्रा की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल है। बताया गया कि आजाद मिश्रा लंबे समय से बिहार में काम करते थे और घटना से महज चार दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। उनकी पत्नी मधु मिश्रा की उम्र करीब 50 वर्ष बताई गई है। दंपती की कोई संतान नहीं है। परिजनों ने गांव के ही करीब 40 वर्षीय नागेंद्र मिश्रा और उसके साथियों पर पुरानी रंजिश के चलते आजाद मिश्रा के साथ बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष के साथ पहले से विवाद चला आ रहा था और नागेंद्र मिश्रा के खिलाफ पूर्व में चिरईगांव पुलिस चौकी में कई बार शिकायत की गई थी। परिवार का दावा है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि पूर्व की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया होता तो शायद आजाद मिश्रा की हत्या की घटना को रोका जा सकता था। इस आरोप के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने घटना की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करते हुए दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस चौकी पर पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, मारपीट की परिस्थितियों और आरोपों की सत्यता की जांच में जुटी है।

0 Comments