सोनभद्र
बलवंत सिंह की रिपोर्ट
सोनभद्र। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर हुई इस हड़ताल से खासकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा।
बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, लंबित वेतन एवं पेंशन संबंधी मुद्दों का समाधान, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) व्यवस्था में सुधार तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े अन्य लंबित मामलों का निस्तारण शामिल है। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग के तहत शनिवार और रविवार को अवकाश देने तथा सोमवार से शुक्रवार तक कार्य करने की मांग की जा रही है।
हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक संबंधी कार्य, पासबुक अपडेट सहित कई काउंटर सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना रही।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।


0 Comments