रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।हुकुलगंज क्षेत्र के पिपरहवा घाट निवासी इरफान शाह (22) पुत्र खुर्शीद शाह का शव बुधवार सुबह हुकुलगंज अहिराना के पास स्थित कुएं में फंदे से लटका मिला।आसपास के लोग कुएं में पानी लेने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई,जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। इरफान तीन भाइयों में सबसे बड़ा था,उसके छोटे भाई साहिल की उम्र करीब 20 वर्ष और सबसे छोटे भाई की उम्र 15 वर्ष है।इरफान की शादी नवंबर 2024 में हुई थी।
उसकी करीब एक वर्षीय बेटी है और पत्नी गर्भवती हैं,जिन्हें बाढ़ के कारण मायके मुजफ्फरपुर बिहार भेज दिया गया था।परिवार में तीन बहनें भी हैं,जिनमें दो बड़ी बहन की शादी हो चुकी है,और एक सबसे छोटी बहन है।परिजनों के अनुसार इरफान गोदौलिया क्षेत्र में रात में बाटी-चोखा की दुकान लगाता था और भोर करीब 3-4 बजे घर लौटता था।दिन में रुपये देकर दुकान लगवाता था।
उसके पिता मुंबई में बैग सिलाई का काम करते हैं।परिजनों का कहना है कि मंगलवार रात करीब 9:30 बजे तक इरफान घर पर था,इसके बाद बुधवार सुबह कुएं में उसका शव मिला।सूचना पर पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए गए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।युवक ने यह कदम क्यों उठाया,इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।




0 Comments