Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

लोकनाथ महाविद्यालय, बीटीसी रामगढ़ में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन

रिपोर्ट: शकुन टाइम्स 

चंदौली। लोकनाथ महाविद्यालय, बीटीसी रामगढ़ में आयोजित भारत स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जय प्रकाश दक्ष, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, वाराणसी मंडल, वाराणसी रहे। समारोह की अध्यक्षता डॉ. धनंजय सिंह, प्रबंधक, लोकनाथ पीजी कॉलेज, रामगढ़, चंदौली ने की।

मुख्य अतिथि श्री जय प्रकाश दक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं से समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

अध्यक्ष डॉ. धनंजय सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा ऐसे शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर डॉ. सर्वेश शर्मा, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. अभिषेक चौबे, डॉ. आशुतोष एवं डॉ. नितेश सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिविर का प्रशिक्षण सैयद अली अंसारी (जिला संगठन आयुक्त, स्काउट) एवं अंजू कुमारी (जिला संगठन आयुक्त, गाइड) द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को टेंट निर्माण, गेट निर्माण, गैजेट निर्माण, गांठें, प्राथमिक उपचार, ध्वज शिष्टाचार एवं स्काउट-गाइड की विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

समापन समारोह में प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। शिविर में बनाए गए टेंट, प्रवेश द्वार (गेट) एवं विभिन्न स्काउट गैजेट सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे शिविर के दौरान उत्साह, अनुशासन एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .