संवाददाता सच्चिदानन्द राय
गीडा, गोरखपुर। थाना गीडा में आयोजित थाना दिवस के दौरान ग्राम भरसाड़, टोला-निचेरियाडांड़ की निवासी चंदा देवी पत्नी विनोद कुमार ने एक प्रार्थना पत्र देकर मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे खेत जाते समय रास्ते में विवाद हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। विरोध करने पर महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने घर पर पहुंचकर ईंट-पत्थर चलाए, झोपड़ी को नुकसान पहुंचाया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने मामले में नामजद आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।
थाना दिवस में उपस्थित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

0 Comments