रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के भैसोड़ी गांव में नए मकान का नेग लेने पहुंचे किन्नरों पर महिला के जेवरात और नकदी लूटने का आरोप लगा है।घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
पीड़िता मंजू यादव पत्नी बबलू यादव के अनुसार,शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक चार पहिया वाहन से दो युवक और चार-पांच किन्नर उनके घर पहुंचे।उन्होंने नए मकान के निर्माण का नेग मांगा।आरोप है कि बातचीत के दौरान सभी ने परिवार को बातों में उलझा लिया और छीना-झपटी करते हुए मंजू यादव के गले से मंगलसूत्र,कानों से कर्णफूल तथा घर की अलमारी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
पीड़िता की बेटी ममता यादव ने बताया कि जब उसने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।उन्होंने बताया कि उनका भाई भारतीय थल सेना में तैनात है और वह घर निर्माण के कारण अपने मायके में रह रही हैं। घटना के बाद उन्होंने आरोपियों का पीछा भी किया,लेकिन आरोपी वाहन से फरार हो गए।इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments