देवेंद्र पाण्डेय की रिपोर्ट
वाराणसी। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और करीब दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता ने गर्भवती होने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर गर्भपात की दवा खिलाने और बाद में शादी से इनकार करने का भी आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता अधिवक्ता आलोक पाठक के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। प्रार्थना पत्र के अनुसार आरोपी रामबाबू पटेल निवासी थाना जंसा, वाराणसी का पीड़िता के परिवार से रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर जून 2024 में युवती के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और इसका वीडियो भी बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में इसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर शिवपुर ओवरब्रिज के पास स्थित कथित गुप्ता गेस्ट हाउस में बुलाया जाता रहा और उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए गए। मारपीट और अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक गर्भवती होने की जानकारी देने पर आरोपी मेडिकल स्टोर से गर्भपात की दवा लेकर आया और उसे खिला दी, जिसके बाद तेज दर्द व रक्तस्राव हुआ और उसका गर्भपात हो गया। आरोप है कि शादी के लिए दबाव बनाने पर रामबाबू ने रिश्तेदारी का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। प्रार्थना पत्र में आरोपी की मां, बहन और चाचा पर भी गाली-गलौज व मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता के अनुसार 5 जुलाई 2026 को वह अपने पिता के साथ आरोपी के घर शादी की बात करने पहुंची थी, जहां दोनों के साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने 30 जुलाई को थाना सिंधोरा में शिकायत देने का दावा किया है। कार्रवाई न होने पर वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल सभी आरोप शिकायत के आधार पर हैं और पुलिस जांच व सत्यापन के बाद ही उनकी वास्तविकता स्पष्ट होगी।

0 Comments