संवाददाता: मृत्युंजय पान्डेय
पालघर जिले के बोईसर के आजाद नगर निवासी राहुल सिंह (34 वर्ष) की मध्य प्रदेश में एक दर्दनाक रेल हादसे में मौत हो गई। इस घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के थाना बनियापुर अंतर्गत पिरौटा गांव निवासी राहुल सिंह पिता प्ररमेश्वर सिंह के सबसे बड़े पूत्र थे।अपनी आजीविका के लिए अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोईसर के आजाद नगर में रहते थे। परिजनों के अनुसार राहुल कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका उपचार चल रहा था। इसी उपचार के सिलसिले में वे 4 जुलाई 2026 (शनिवार) को यात्रा पर निकले थे।
इलाज के बाद लौटने के दौरान मध्य प्रदेश के जनदुनिया थाना इंदवार क्षेत्र के अंतर्गत महरोई रेलवे स्टेशन के समीप बसही के पास रेलवे पोल संख्या 1148/22 के निकट एक दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल रेलवे पुलिस एवं इंदवार थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने दूरभाष के माध्यम से परिजनों से संपर्क किया। परिवार ने पुलिस को बताया कि राहुल मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उपचार के लिए ही यात्रा पर गए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार राहुल सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने से घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
फिलहाल स्थानीय पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में राहुल सिंह चलती ट्रेन से गिर गए। हादसा दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच जारी है। समाचार प्रकाशित होने तक अभी मिडिया में कोई जानकारी प्राप्त नहीं मिली है।
राहुल सिंह की असमय मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बोईसर और उनके पैतृक गांव पिरौटा में शोक का माहौल है। परिजन इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।

0 Comments