रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी
शादी की रौनक अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि दहेज की भयानक लालच ने नई दुल्हन की जिंदगी को नर्क बना दिया।मात्र कुछ दिनों में ही पति दिलीप राय और उसके पूरे परिवार ने पूजा को मार-पीटकर,आभूषण छीनकर और जान से मारने की खुली धमकी देकर ससुराल से निकाल बाहर कर दिया।तिलमापुर थाना सारनाथ निवासिनी पीड़िता ने थाना प्रभारी सारनाथ को शिकायत में खुलासा किया कि दहेज न देने पर उसके साथ बर्बर अत्याचार किया गया।बताया कि 22 नवंबर 2024 को हुई शादी में पीड़िता की विधवा मां और भाई ने भरपूर दहेज दिया-1.25 लाख रुपये नकद,सोने की चेन-अंगूठी और 2.5 लाख का घरेलू सामान।फिर भी ससुराल पक्ष ने लगातार ताने मारे और 2 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया।जब पीड़िता ने अपनी मां-भाई की लाचारी बताई तो ससुराल पक्ष ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।शादी के बाद पीड़िता 4-5 बार मायके आई-गई,लेकिन हर बार ससुराल लौटते ही अत्याचार और बढ़ जाता।पीड़िता ने प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि पति का अन्य लड़कियों के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।इसका विरोध करने पर पीड़िता को मारने-पीटने और जलाकर मार डालने की खुली धमकियां दी गईं।ससुरालवालों ने पीड़िता को बुरी तरह पीटा,उसके सारे गहने छीन लिए और सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया।किसी तरह अपनी मां के घर पहुंची और रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई।मां और भाई कई बार ससुराल जाकर समझाने की कोशिश कर चुके हैं,लेकिन परिवार बिना दहेज के एक भी कदम नहीं बढ़ाने को तैयार है।अब पीड़िता ससुराल जाने से डर रही है और अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।पीड़िता ने ससुराल पक्षों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।दहेज प्रताड़ना,घरेलू हिंसा,आभूषण लूट और हत्या की धमकी जैसे गंभीर आरोपों में अब पुलिस की सख्त कार्रवाई की मांग जोरों पर है।यह मामला दहेज की अमानवीय प्रथा को एक बार फिर नंगा करता है,जहां एक नई दुल्हन को मात्र पैसे के लिए रौंदा जा रहा है।

0 Comments