वाराणसी
रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।काशी के प्रमुख पर्यटन क्षेत्र सारनाथ में एक बेहद गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है।ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के आरक्षी नितेश कुमार के साथ चंद्रा चौराहे पर चार युवकों ने न सिर्फ मारपीट की,बल्कि वर्दी तक फाड़ दी।घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।चौराहे पर शुरू हुआ बवाल मिली जानकारी के अनुसार,रविवार रात करीब 8:25 बजे चंद्रा चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक—वैभव सिंह (निवासी पांडेपुर,भक्ति नगर कॉलोनी),अभि वर्मा (भोजूबीर,थाना कैंट),शशांक सिंह (बसही,थाना शिवपुर) और प्रिंस पटेल (सरसौली टकटकपुर,थाना कैंट)—लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहुंचे और एक राहगीर को टक्कर मार दी।
सिपाही ने रोका तो बरस पड़े दबंग
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक आरक्षी नितेश कुमार स्थिति को संभालने और घायलों की मदद के लिए आगे बढ़े।लेकिन युवकों को यह नागवार गुजरा और वे आक्रामक हो गए।आरोप है कि चारों ने मिलकर सिपाही को घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया।इस दौरान उन्होंने माँ-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां दीं और लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
वर्दी फाड़ी,जान से मारने की धमकी
हमले के दौरान आरोपियों ने सिपाही की वर्दी तक फाड़ डाली और उन्हें बेरहमी से पीटा।बताया जा रहा है कि आरक्षी के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।इतना ही नहीं,हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के वक्त चौराहे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
जब हालात बेकाबू होते दिखे तो आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया।लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए चारों हमलावरों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।हालांकि,इस दौरान आरोपियों ने आम नागरिकों के साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की।
पुलिस पहुंची,कार्रवाई शुरू
सूचना मिलने पर सारनाथ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।आरक्षी नितेश कुमार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज की तैयारी
पीड़ित सिपाही की ओर से सारनाथ थाने में लिखित शिकायत दी गई है,जिसमें चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments