रिपोर्ट:अरविंद कुमार
पनियरा (महराजगंज)
नगर पंचायत पनियरा स्थित सावर्णी गैस एजेंसी पर इन दिनों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को सुबह से लंबी कतार में लगना पड़ रहा है, इसके बावजूद उसी दिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
एजेंसी से जुड़े दर्जनों गांवों के उपभोक्ता गैस लेने के लिए रोज पहुंच रहे हैं, जिससे यहां भीड़ बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि दिनभर लाइन में खड़े रहने के बाद उपभोक्ताओं को केवल पर्ची दी जा रही है और सिलेंडर के लिए अगले दिन आने को कहा जा रहा है।
नरकटहा निवासी बाल्मिकी निषाद ने बताया कि वह दो दिनों से गैस के लिए एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल सका। वहीं शकुंतला देवी ने बताया कि गैस बुक कराने के बाद बुधवार को सुबह से शाम तक लाइन में खड़ी रहीं, लेकिन गैस नहीं मिली। कर्मचारियों ने अगले दिन आने को कहा। बृहस्पतिवार को सुबह तीन बजे से लाइन में लगने के बावजूद भी उन्हें गैस नहीं मिल पाया।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। समय पर गैस नहीं मिलने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में एजेंसी मैनेजर का कहना है कि भीड़ के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर गैस उपलब्ध हो सके।



0 Comments