रिपोर्ट: राहुल कुमार
लखीमपुर खीरी
ग्राम कैमाखादर स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में 18 से 24 फरवरी तक आयोजित महाविष्णु यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम को प्रशासन से सशर्त अनुमति मिलने के बाद व्यापक तैयारियां की गई थीं। अनुमति कार्यालय उप जिला मजिस्ट्रेट सदर, लखीमपुर खीरी द्वारा जारी की गई है।
आयोजक कमल किशोर पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ग्राम कैमाखादर थाना फरधान के नेतृत्व में बुधवार को जल यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु कैमाखादर से देवकली तीर्थ स्थल पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर कलश में जल भरकर पुनः शीतला माता मंदिर लाया गया। यात्रा के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र से लगभग आधा दर्जन ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भागीदारी रही। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
यज्ञ स्थल पर हवन-पूजन, धार्मिक प्रवचन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सभी शर्तों और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना आयोजकों की जिम्मेदारी होगी तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में अनुमति निरस्त की जा सकती है। फिलहाल कार्यक्रम शांतिपूर्ण और धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

0 Comments