रिपोर्ट: आशुतोष कुमार तिवारी
लखीमपुर खीरी
जिले के गोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमन अरविंद गिरी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर गोला गोकर्णनाथ के व्यापक विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में गोला गोकर्णनाथ नगर में रोडवेज बस स्टैंड के विस्थापन, निर्माणाधीन कॉरिडोर कार्य की प्रगति, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, नगर के सौंदर्यीकरण तथा तीर्थ क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के विकास जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गोला गोकर्णनाथ धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगर है, जहां वर्ष भर श्रद्धालुओं का आगमन होता है, ऐसे में योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा गोला गोकर्णनाथ को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर 22 फरवरी को आयोजित होने वाले ‘छोटीकाशी शिवोत्सव’ कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा भी मुख्यमंत्री को सौंपी गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन, धार्मिक अनुष्ठान और जनसहभागिता की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे क्षेत्रीय एकता व सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।
मुलाकात के उपरांत विधायक ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से गोला विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि गोला के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

0 Comments