मुख्य मार्ग पर खुला गड्ढा हादसे को दे रहा न्योता
लखीमपुर खीरी
जिले की ब्लॉक लखीमपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोढ़ैय्या में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी और पाइपलाइन व्यवस्था ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज की समस्या बनी रहती है, जिससे सड़कों पर पानी भर जाता है और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित होती है। कई स्थानों पर पानी बहने से कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को फोन कर अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सबसे गंभीर स्थिति ग्राम पंचायत के मुख्य मार्ग पर खोदे गए लगभग तीन फीट गहरे, दो फीट चौड़े और करीब दो फीट लंबे गड्ढे को लेकर है, जिसे महीनों से खुला छोड़ दिया गया है। यह गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन कोई न कोई इसमें गिरकर चोटिल हो रहा है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र मरम्मत कार्य कराकर पाइपलाइन लीकेज की समस्या दूर करने और मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे को तत्काल भरवाने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे।

0 Comments