रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी। प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सोमवार तड़के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर के पास भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी नंबर की स्कॉर्पियो में सवार लोग किसी धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्कॉर्पियो के आगे समाजवादी पार्टी का झंडा लगा हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद मृतकों और घायल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उनके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।



0 Comments