संतकबीरनगर में 1320 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित, विसर्जन और रामलीला स्थलों पर रहेगी पुलिस की कड़ी निगरानी
सर्वेश कुमार शुक्ला की रिपोर्ट
संतकबीरनगर।
शारदीय नवरात्र और दशहरा को लेकर जिले में पुलिस अलर्ट है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 748 अराजक तत्वों को रेड कार्ड नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। वहीं, 798 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई और 492 लोगों को पाबंद किया गया है। इसके अलावा 296 डीजे संचालकों को भी नोटिस देकर निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में कुल 1320 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनमें खलीलाबाद में सर्वाधिक 257, मेंहदावल में 240, बखिरा में 165, धनघटा में 163, महुली में 144, दुधारा में 142, बेलहर में 141 और धर्मसिंहवा में 68 प्रतिमाएं शामिल हैं।
पुराने विवादों पर पुलिस की नजर
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2021 से 2024 के बीच विसर्जन और धार्मिक आयोजनों के दौरान हुए विवादों से जुड़े 42 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। वर्ष 2023 के डांडिया प्रकरण में छह आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि चार आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
13 स्थानों पर रामलीला, विसर्जन की तैयारी
जिले में 13 स्थानों पर रामलीला का आयोजन हो रहा है। प्रत्येक स्थल पर एक दरोगा समेत पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन 20 से 26 अक्टूबर तक निर्धारित तिथियों पर कराया जाएगा। इसके लिए थानों को अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि पीस कमेटी की बैठकों में आयोजकों और डीजे संचालकों को नियमों की जानकारी दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments