Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

ट्रक की टक्कर से सिपाही अर्जुन राम की मौत, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि

 


सीओ कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर झंगहा थाने जा रहे थे सिपाही


देवीपुर गांव के पास पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, चालक फरार


पत्नी और दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस विभाग में शोक

सच्चिदानंद राय ब्यूरो चीफ  


गोरखपुर। चौरी चौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव के पास शुक्रवार रात ट्रक की टक्कर से झंगहा थाने में तैनात आरक्षी अर्जुन राम की मौत हो गई। वह चौरी चौरा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर झंगहा थाने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही को पुलिसकर्मी एम्स अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।



बलिया जिले के निवासी अर्जुन राम पुत्र तेज प्रताप गौड़ झंगहा थाने में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह चौरी चौरा स्थित सीओ कार्यालय से सरकारी कागजात लेकर झंगहा थाने जा रहे थे। देवीपुर गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर चौरी चौरा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



अर्जुन राम करीब दो साल तक चौरी चौरा थाने में तैनात रहे थे। लगभग एक साल पहले उनका स्थानांतरण झंगहा थाने में हुआ था। उनका परिवार चौरी चौरा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहता है। पत्नी और दो बच्चों के साथ रहने वाले अर्जुन राम की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, साथी पुलिसकर्मियों में भी शोक व्याप्त है।



शनिवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने दिवंगत आरक्षी अर्जुन राम को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। गोरखपुर पुलिस ने भी आरक्षी के असामयिक निधन पर गहरा दुख जताते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।


श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धूमावत, पुलिस अधीक्षक अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन अरुणकुमार  एस तथा प्रतिसार निरीक्षक अविचित पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


उधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में एक पुलिसकर्मी की जान जाने से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .