रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी। सारनाथ के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सारनाथ पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरायमोहना घाट के पास झाड़ियों में छिपे राजू खान ने अचानक बाहर निकलकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी की ओर से चलाई गई गोली उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट के किनारे को छूते हुए निकल गई। इससे दरोगा बाल-बाल बच गए।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजू खान के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद करने की बात कही है।
गौरतलब है कि सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में गुरुवार शाम कथित अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए विस्फोट से दो मंजिला मकान ढह गया था। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और पुलिस तथा अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई थीं।
पुलिस अब मामले में आरोपी की भूमिका और अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


0 Comments