रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय
कुशीनगर।कुशीनगर के रविंद्रनगर थाना क्षेत्र स्थित द रेनबो लोरेटो स्कूल के प्रबंधक पर महिला शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगा है। घटना का 5 मिनट 47 सेकंड का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस ने आरोपी स्कूल प्रबंधक दिनेश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार,घटना एक अक्टूबर की है।आरोप है कि स्कूल में छुट्टी होने के बाद प्रबंधक ने महिला शिक्षिका को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) बनाने के बहाने अपने कार्यालय में बुलाया।इसी दौरान उसने कथित तौर पर शिक्षिका के साथ अश्लील बातें कीं और अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया।
शिक्षिका ने इसका विरोध करते हुए प्रबंधक को बार-बार दूर रहने की चेतावनी दी।वायरल वीडियो में वह प्रबंधक की हरकतों पर आपत्ति जताते हुए अपनी गरिमा और सुरक्षा का हवाला देती सुनाई दे रही है।बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने पूरी बातचीत अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली थी।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।


0 Comments