पीएम श्री कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिनवा में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर आयोजित हुआ सम्मान समारोह
सहजनवा दीपक शुक्ला की रिपोर्ट
गोरखपुर
मिनवा। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को पीएम श्री कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिनवा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग की भावना के लिए जागरूक करना तथा समाज के निर्माण में उनके योगदान और अनुभवों से नई पीढ़ी को परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र चौबे के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालय परिसर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों का विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल के साथ गांव के गणमान्य लोगों तथा वरिष्ठ नागरिकों पटेल, वृंदावन, हरिकेश, कमलेश, गुलाम वरीश एवं इम्तियाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने वरिष्ठ नागरिकों के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार के बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि अपने जीवन के लंबे अनुभवों के कारण समाज के लिए ज्ञान और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण स्रोत हैं। उनके जीवन संघर्ष, अनुभव और संस्कार युवा पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को समझाया कि आधुनिक जीवनशैली और बदलते सामाजिक परिवेश के बावजूद बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है। वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को समझना, उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनना तथा आवश्यकता पड़ने पर उनकी सहायता करना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एंजल, दिव्यांशी, आस्था, शिवानी, समर गुप्त, पीयूष, सुधीर, सुमन एवं सत्यम सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल एवं प्रधानाध्यापक सुरेंद्र चौबे ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक परिस्थितियों और संघर्षों का सामना करते हुए परिवार और समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों को वरिष्ठजनों के सम्मान, सहयोग और सेवा की भावना को अपने व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।




0 Comments