मोतिहारी
जावेद आलम की रिपोर्ट
घोड़ासहन थाना क्षेत्र के निमोईया घाट की घटना मैट्रिक परीक्षा देने वाली थी काजल
पूर्वी चम्पारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र एवं बनकटवा प्रखंड अंतर्गत निमुइया गांव में जिउतिया पर्व के अवसर पर अरुणा नदी में स्नान करने गई 14 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान निमोईया निवासी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा गया।
बताया जा रहा है कि काजल पांच अन्य साथियों के साथ जिउतिया पर्व पर नदी में स्नान करने गई थी। परिजनों के अनुसार, नदी में स्नान करने जाने से पहले उसे कई बार रोका गया था, लेकिन वह चुपके से साथियों के साथ चली गई। स्नान के दौरान काजल गहरे पानी में चली गई और डूब गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी घाट पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम थीं।
काजल आने वाले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने वाली थी। वह तीन बहनों और तीन भाइयों में एक थी। उसके पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।




0 Comments