Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

तीज पर हरपुर बुदहट में सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत

 


संवाददाता: सुनील गुप्ता


पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना से शिव-पार्वती की पूजा, घर-घर दिखी तीज की रौनक


हरपुर बुदहट। हरितालिका तीज के अवसर पर हरपुर बुदहट क्षेत्र में सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ निर्जला व्रत रखा। पति की लंबी उम्र, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर महिलाओं ने दिनभर अन्न-जल का त्याग कर व्रत का पालन किया। पर्व को लेकर क्षेत्र के गांवों में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा।


सुबह से ही महिलाएं तीज व्रत की तैयारियों में जुटी रहीं। सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। कई घरों में महिलाओं ने तीज की कथा सुनी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन किया। शाम होते ही पूजा स्थलों और घरों में भक्ति का माहौल और भी गहरा हो गया।


मुरदेवा बुजुर्ग, हरपुर बुदहट सहित आसपास के गांवों में महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की बधाई दी। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज गीत गाए और पूजा-अर्चना की। हाथों में सजी मेहंदी, चूड़ियों की खनक और पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं से क्षेत्र में पर्व की रंगत दिखाई दी।


मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी। इसी धार्मिक आस्था के चलते सुहागिन महिलाएं तीज का निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती से अपने दांपत्य जीवन की सुख-शांति और पति की दीर्घायु की प्रार्थना करती हैं।


पूरे दिन व्रत रखने के बाद महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की खुशहाली की कामना की। तीज पर्व के कारण हरपुर बुदहट क्षेत्र में भक्ति, आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .