शिव शांति चिल्ड्रन एकेडमी के बच्चों ने किया पत्रिका का अनावरण, हिंदी साहित्य से जुड़ने का दिया संदेश
जंगल कौड़िया
गोरखपुर।
संवाददाता: परमात्मा मौर्य।
हिंदी दिवस के पावन अवसर पर विकास खंड जंगल कौड़िया क्षेत्र के ग्राम सभा बुढ़ियाबारी निवासी युवा कवि एवं लेखक शैलेश सिंह ‘शैल’ द्वारा रचित हिंदी मासिक पत्रिका का भव्य विमोचन डोहरिया बाजार स्थित शिव शांति चिल्ड्रन एकेडमी में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने अपने हाथों से पत्रिका का अनावरण किया। बच्चों द्वारा हिंदी साहित्य की नई रचना का विमोचन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
कविता, कहानी और लेखों से सजी पत्रिका
शैलेश सिंह ‘शैल’ की मासिक पत्रिका में कविता, कहानी, लेख सहित हिंदी भाषा के महत्व और साहित्य से जुड़े प्रेरणादायी विचारों को स्थान दिया गया है। पत्रिका का उद्देश्य हिंदी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने, काव्य एवं कथा लेखन को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी भाषा और साहित्य से जोड़ना है।
विद्यालय के प्रबंधक विजय गुप्ता, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में कवि शैलेश सिंह के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना की गई। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने तथा साहित्यिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के हाथों हिंदी पत्रिका का विमोचन नई पीढ़ी को भाषा और साहित्य से जोड़ने की दिशा में सकारात्मक पहल है। कार्यक्रम के अंत में लेखक शैलेश सिंह ‘शैल’ ने विद्यालय परिवार, अतिथियों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।


0 Comments