मोतिहारी से जावेद आलम की रिपोर्ट
दो नाबालिग समेत चार गिरफ्तार, अलग-अलग स्थानों पर गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई
पूर्वी चम्पारण। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ 71वीं वाहिनी एसएसबी मोतिहारी की विभिन्न कंपनियों ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान शराब, यूरिया, तरबूज के बीज सहित वाहन व साइकिलें जब्त की गईं। कार्रवाई में दो नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा गया।
पहली कार्रवाई सी कंपनी बेलदरवामठ की टीम ने लालछपरा गांव के समीप की। गश्ती के दौरान भारतीय क्षेत्र में करीब 500 मीटर अंदर एक पिकअप से 72 बोरी तरबूज के बड़े बीज बरामद किए गए। प्रत्येक बोरी में 40 किलो बीज था, जिसकी कुल मात्रा 2,880 किलो बताई गई। मौके से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी 24 वर्षीय अरमान को पकड़ा गया। पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया।
दूसरी कार्रवाई बी कंपनी जमुनिया की टीम ने श्रीपुर कसवा के समीप की। करीब आठ किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में गश्ती के दौरान 60 बोतल कस्तूरी नेपाली शराब और एक साइकिल बरामद की गई। मामले में घोड़ासहन थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी 14 वर्षीय किशोर को पकड़ा गया। जब्त शराब और किशोर को घोड़ासहन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
तीसरी कार्रवाई एफ कंपनी रेगनिया की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 360 से करीब 50 मीटर अंदर रेगनिया गांव के पास की। यहां 46 बोरी यूरिया, तीन साइकिल और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई। प्रत्येक बोरी में 45 किलो यूरिया था। मौके से रेगनिया निवासी करीब 24 वर्षीय त्रिभुवन को पकड़ा गया। बताया गया कि यूरिया को नेपाल के नंनसागरा घाट ले जाया जा रहा था।
वहीं, जी कंपनी बरहरवा की टीम ने जोलगावा पंचायत भवन के समीप कार्रवाई करते हुए 30 बोतल कस्तूरी नेपाली शराब और 15 बोतल मैकडॉवेल्स शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 14.625 लीटर बताई गई। मौके से 17 वर्षीय किशोर को पकड़ा गया।
एसएसबी की चारों कार्रवाई में जब्त सामान और पकड़े गए आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के हवाले किया जा रहा है। सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।




0 Comments