Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

त्रिमुहानी पुल से लापता छात्र का शव रोहिन नदी में मिला

 


महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखरहिया बरगदही निवासी कक्षा सात के छात्र हिमांशु यादव के लापता होने के बाद परिवार में मातम पसरा था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हिमांशु ने त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगा दी थी। पुल के नीचे मौजूद कुछ लोगों ने उसे नदी में छलांग लगाते देखा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने नदी में छात्र की तलाश शुरू कराई। हिमांशु की खोज के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के साथ स्टीमर और गोताखोरों की मदद ली गई। टीमों ने नदी में लगातार अभियान चलाकर छात्र की तलाश की।

कई घंटे की मशक्कत के बाद भी छात्र का पता नहीं चल सका था। इसी बीच बुधवार को पनियरा थाना क्षेत्र के जर्दी पंचायत के भगड़ा टोला के पास रोहिन नदी में एक शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान लखरहिया बरगदही निवासी हिमांशु यादव के रूप में हुई।

हिमांशु का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को हुई, घर में चीख-पुकार मच गई। बेटे के लापता होने के बाद से परिवार के लोग उसकी सलामती की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पनियरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .