भविष्य निधि, रोजगार पंजीकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी।
पालघर
संवाददाता: मृत्युंजय पाण्डेय
मुंबई कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय चारकोप, मुंबई तथा उपक्षेत्रीय कार्यालय ठाणे के मार्गदर्शन में एनपीसीआईएल, तारापुर महाराष्ट्र साइट, पालघर में कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के बीच ईपीएफओ की विभिन्न योजनाओं एवं सुधारों को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना तथा पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना था।
कार्यक्रम में तारापुर महाराष्ट्र साइट के स्पष्ट संचालक अजय कुमार भोले, अतिरिक्त केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त अनिमेष मिश्रा, केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त के निजी सहायक निखिलचंद्र अनिल झोडे, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त आयुष गौतम, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय अमुतेश श्रीवास्तव तथा मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अमुतेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एनपीसीआईएल की ओर से उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) राजेश कुमार पात्रा, प्रबंधक गौरव दीक्षित, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ठेकेदार उपस्थित थे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने प्रधानमंत्री रोजगार एवं रोजगार सृजन प्रोत्साहन योजना, कर्मचारी नामांकन अभियान-2026, विश्वास योजना-2026 तथा बढ़ी हुई वेतन सीमा से संबंधित जानकारी दी।
प्रधानमंत्री रोजगार एवं रोजगार सृजन प्रोत्साहन योजना : इस योजना का उद्देश्य पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों तथा अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को प्रोत्साहित करना है। इससे औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन में सहायता मिलने की जानकारी दी गई।
कर्मचारी नामांकन अभियान-2026 : इस अभियान के माध्यम से पूर्व में पंजीकरण से वंचित रह गए पात्र कर्मचारियों को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे अधिक कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने में मदद मिलेगी।
विश्वास योजना-2026 : निर्धारित सरल प्रक्रिया के माध्यम से पात्र पुराने नुकसानभरपाई मामलों के निपटारे को सुगम बनाने की जानकारी दी गई। योजना के माध्यम से स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने तथा पात्र नियोक्ताओं को राहत देने का उद्देश्य है।
बढ़ी हुई वेतन सीमा : ईपीएफओ के अंतर्गत वेतन सीमा बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने से अधिक संख्या में पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने में मदद मिलने की जानकारी दी गई।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त निखिलचंद्र अनिल झोडे ने रोजगार के औपचारिकीकरण तथा सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने में इन योजनाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन पहलों से देश के विकास को गति देने में सहायता मिलेगी।
अमल अधिकारी भावेश निकम ने योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और उनके लाभों को स्पष्ट किया। उपस्थित कर्मचारियों और नियोक्ताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का ईपीएफओ अधिकारियों ने समाधान किया।
कार्यक्रम के समापन पर तारापुर महाराष्ट्र साइट के स्पष्ट संचालक ए.के. भोले ने एनपीसीआईएल साइट का दौरा कर नई योजनाओं के संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाने, कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान करने तथा ईपीएफओ की सेवाओं को प्रतिष्ठानों तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से ईपीएफओ ने कर्मचारियों और नियोक्ताओं के बीच सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

0 Comments