सड़क पर तड़पता रहा 27 वर्षीय युवक, सिर में गंभीर चोट; डॉक्टरों ने किया रेफर—लोडर छोड़कर चालक फरार
घघसरा/पाली,
गोरखपुर।
सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे एक युवक को कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे लोडर मैजिक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घघसरा बाजार के वार्ड नंबर-15 हनुमंत नगर निवासी राहुल गुप्ता (27) पुत्र हरिराम गुप्ता वर्षों से घघसरा बाजार में पान की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को वह दुकान का सामान लेने सहजनवां गए थे। सामान लेकर बाइक से वापस घर लौटते समय पाली नहर के पास कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे लोडर वाहन UP 58 AT 9028 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि राहुल सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद सड़क पर घायल अवस्था में पड़े राहुल के सिर से काफी खून बह रहा था। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल सरकारी एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार, पाली ले जाया गया।
सीएचसी पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
वहीं, हादसे के बाद लोडर वाहन का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रॉन्ग साइड वाहन चलाने की गंभीर समस्या को सामने ला दिया है।

0 Comments