दीपक शुक्ला की रिपोर्ट
सहजनवा। विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को एसडीएम नमन मेहता सहजनवा ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने सेवा समाधान शिविर, विभिन्न विभागों के स्टाल, सफाई व्यवस्था और निर्वाचन के लिए तैयार किए जा रहे पोलिंग रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पंचायत विभाग के स्टाल पर एडीओ पंचायत की जगह सफाईकर्मी के बैठे मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और एडीओ पंचायत रामधारी प्रसाद को फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, इसलिए संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी जरूरी है।
एसडीएम ने ब्लॉक क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की भी जानकारी ली। एडीओ पंचायत ने बताया कि 64 ग्राम पंचायतों के 142 राजस्व गांवों में सफाई व्यवस्था के लिए 112 सफाईकर्मी तैनात हैं। एसडीएम ने सफाई व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं, जबकि छह आयुष्मान कार्ड बनाए गए। समाज कल्याण विभाग को पेंशन संबंधी 28 आवेदन, शौचालय के आठ आवेदन, फार्मर रजिस्ट्री के आठ आवेदन तथा अन्य विभागों में भी ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
एसडीएम ने स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण कर उनके उत्पादों की जानकारी ली। इसके बाद निर्वाचन के लिए तैयार किए जा रहे पोलिंग रूम में बिजली, पानी, कंप्यूटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ब्लॉक कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए आमजन से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न करने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रमोद कुमार राय, राम संहारे मिश्र, मनोज कुमार गुप्ता, अभय कुमार और शिशिर श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

0 Comments