Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

दो इंजेक्शन के बाद बिगड़ी युवती की हालत, मौत से मचा हड़कंप!

 


बुखार का इलाज कराने गई रीमा की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने सुरवलिया चौराहे पर स्थित प्रभा मेडिकल स्टोर पर लगाया लापरवाही का आरोप


इंजेक्शन-दवा का नाम पूछने पर गाली-गलौज व धमकी देने का दावा, थाने में तहरीर; पुलिस जांच में जुटी


आनंद पांडेय की रिपोर्ट 


सहजनवा ब्लॉक के अंतर्गत हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र में बुखार से पीड़ित युवती की उपचार के बाद हालत बिगड़ने और मौत हो जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने स्थानीय प्रभा मेडिकल स्टोर सुरवलिया चौराहे पर /क्लीनिक पर उपचार करने वाले चिकित्सक पर कथित रूप से इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक युवती को बुखार होने पर उपचार के लिए ले जाया गया था, जहां उसे दो इंजेक्शन लगाए गए। घर लौटने के करीब 20 मिनट बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद परिजनों ने पहले उपचार करने वाले चिकित्सक से लगाए गए इंजेक्शन और दी गई दवाओं के नाम पूछे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जानकारी मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।


बुखार के इलाज के बाद अचानक बिगड़ी हालत


तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता की मौसी की बेटी रीमा यादव पिछले करीब चार वर्षों से उसके यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। 20 सितंबर 2026 को रीमा को बुखार की शिकायत हुई। परिजन उसे क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर/क्लीनिक पर उपचार के लिए लेकर पहुंचे।


शिकायत के मुताबिक, वहां मौजूद चिकित्सक ने रीमा को दो इंजेक्शन लगाए और दवा देकर घर भेज दिया। परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के करीब 20 मिनट बाद ही उसकी हालत अचानक खराब होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख परिजन उसे तत्काल दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे।


दूसरे डॉक्टर ने मांगी इंजेक्शन की जानकारी


परिजनों के अनुसार, दूसरे अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार शुरू करते हुए पहले लगाए गए इंजेक्शन और दी गई दवाओं की जानकारी मांगी। इसके बाद परिजन पहले उपचार करने वाले चिकित्सक के पास पहुंचे और इंजेक्शन व दवा का नाम पूछा।


तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संबंधित चिकित्सक ने दवाओं और इंजेक्शन की जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।


उपचार के दौरान युवती ने तोड़ा दम


परिजनों का कहना है कि दूसरे अस्पताल में उपचार के बावजूद रीमा की हालत में सुधार नहीं हुआ और उसने दम तोड़ दिया। युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मौत की वास्तविक वजह सामने लाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण


मामले में हरपुर-बुदहट पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपचार के दौरान दिए गए इंजेक्शन, दवाओं और चिकित्सकीय अभिलेखों की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच का विषय है कि युवती की मौत का वास्तविक कारण क्या था और उपचार में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं।


इस संबंध में हरपुर-बुदहट थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल परिजनों के आरोप जांच के दायरे में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेज और पुलिस जांच के बाद ही युवती की मौत की वास्तविक वजह तथा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .