रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी। पांडेयपुर चौराहे स्थित ओवरब्रिज पर लगा एक राजनीतिक बैनर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। बैनर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, रमाकांत यादव, उमाकांत यादव और मुन्ना बजरंगी की तस्वीरें लगाई गई हैं। बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा है, “माफियाराज और अखिलेश, लुट लिया था पूरा प्रदेश।”
बैनर के जरिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के शासनकाल को लेकर राजनीतिक निशाना साधा गया है। पांडेयपुर शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ऐसे में ओवरब्रिज पर लगे इस बैनर पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर पड़ रही है।
राजनीतिक संदेश वाले इस बैनर को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, इसे किस व्यक्ति या संगठन ने लगवाया है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बैनर लगाने के पीछे किसका हाथ है और इसके माध्यम से किस राजनीतिक गतिविधि को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
शहर में सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक पोस्टर और बैनर पहले भी चर्चा का विषय बनते रहे हैं। पांडेयपुर ओवरब्रिज पर लगा यह बैनर भी राजनीतिक बयानबाजी और पोस्टरबाजी को लेकर लोगों का ध्यान खींच रहा है। फिलहाल बैनर के संबंध में संबंधित व्यक्ति या संगठन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

0 Comments