रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरिया में 29 अगस्त की रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवम शुक्ला का मंडलीय अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।हादसे में शिवम के सिर में गंभीर चोट और पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।
घटना के बाद जहां परिवार युवक की जिंदगी बचाने के लिए अस्पताल में परेशान है,वहीं दूसरी ओर परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।शिवम के मामा किशन दीक्षित की ओर से शिवपुर थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक,29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे शिवम बाइक से जा रहा था।इसी दौरान UP65EE2626 नंबर की स्कार्पियो कथित रूप से रांग साइड से आई और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
परिजनों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।आसपास के लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण आईसीयू में भर्ती किया गया।तहरीर में स्कार्पियो चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने,मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस से अभद्रता करने तथा खुद को ईंट-भट्ठा मालिक बताकर प्रभाव दिखाने के आरोप लगाए गए हैं।परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने स्कार्पियो और उससे जुड़े लोगों को थाने बुलाया,लेकिन बाद में कथित तौर पर बिना प्रभावी कार्रवाई के उन्हें छोड़ दिया गया।परिवार का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद उन्हें रातभर थाने में बैठाए रखा गया।परिजनों के मुताबिक,उनका पूरा परिवार इस समय अस्पताल में शिवम के इलाज को लेकर चिंतित है,लेकिन आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।परिवार ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से यह भी मांग की है कि हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन,घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए,ताकि घायल युवक को न्याय मिल सके।गंभीर हादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवालों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।अब परिजनों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है।हालांकि,स्कार्पियो चालक पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।



0 Comments