रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। मृतक अजय पटेल पुत्र कृपाशंकर पटेल निवासी चंदीपट्टी, हरहुआ था। बताया गया कि अजय अपने मामा अरविंद पटेल के यहां जमुनीपुर, चोलापुर में रहता था। शुक्रवार को वह अपनी मां को मोहाव छोड़ने के बाद दोस्तों के साथ मार्कण्डेय महादेव मंदिर दर्शन के लिए पल्सर 180 बाइक से निकला था। बाइक पर अजय के साथ अनुराग पटेल निवासी रसूलगढ़ पंचक्रोशी और शिवम यादव पुत्र दूधनाथ यादव निवासी जमुनीपुर भी सवार थे। शाम करीब चार से पांच बजे के बीच डुबकियां और चौबेपुर के बीच बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय पटेल को मृत घोषित कर दिया। अनुराग पटेल के कंधे में चोट आई है, जबकि शिवम यादव को भी चोट लगी है। अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो बेटे का शव देखकर बदहवास हो गए। बताया गया कि अजय परिवार में इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है। उसके पिता राजगीर मिस्त्री का काम करते हैं। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद रहा, क्योंकि अजय दोस्तों के साथ मंदिर दर्शन के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।

0 Comments