रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।सारनाथ थाना क्षेत्र के पशुरामपुर में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मजदूर संजय राजभर (निवासी नवापुरा,चोलापुर) की दर्दनाक मौत हो गई।बताया जा रहा है कि संजय सुबह करीब आठ बजे घर से मजदूरी के लिए निकले थे।जैसे ही वह पशुरामपुर पहुंचे,तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP65 FE 5676) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि संजय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को दी।परिजन जब तक घटनास्थल पर पहुंचे,संजय की मौत हो चुकी थी।मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मृतक अपने पीछे दो बेटों और एक बेटी को छोड़ गए हैं।हादसे के बाद सड़क पर भीड़ जुटने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।सूचना पर
सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारु कराया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के अनुसार,मृतक के बेटे शिवकुमार राजभर की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


0 Comments