Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

भोजपुरी फिल्म में निवेश के नाम पर 78.20 लाख की ठगी,चार साल से फरार आरोपी प्रोड्यूसर मुंबई से गिरफ्तार



रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय


वाराणसी।भोजपुरी फिल्म निर्माण में निवेश कराकर 78 लाख 20 हजार रुपये की कथित ठगी करने के मामले में सारनाथ पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे आरोपी प्रोड्यूसर को मुंबई की फिल्म सिटी से गिरफ्तार किया है।आरोपी की पहचान बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के इटबहरा निवासी जसवंत कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने उसे मुंबई के अंधेरी स्थित पटेलवाणी प्रजापति कंपाउंड से गिरफ्तार करने के बाद अंधेरी रेलवे कोर्ट में पेश किया,जहां से उसे 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली।इसके बाद पुलिस आरोपी को वाराणसी लेकर पहुंची और न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार सारनाथ थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर चौबेपुर निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने मामले में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई वीरेंद्र कुमार यादव मेसर्स शिवा फिल्म एंड टीवी हाउस के प्रोपराइटर हैं।आरोप है कि श्री जे सोहरता प्रोडक्शन हाउस के प्रोड्यूसर जसवंत कुमार ने भोजपुरी फिल्म बनाने के नाम पर उनसे 78 लाख 20 हजार रुपये लिए थे।आरोपी ने कथित तौर पर भरोसा दिलाया था कि फिल्म रिलीज होने के बाद निवेश की मूल रकम के साथ मुनाफा भी वापस कर दिया जाएगा,लेकिन फिल्म रिलीज होने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई और आरोपी फरार हो गया।शिकायत के मुताबिक,जसवंत कुमार ने निवेश के लिए भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह,निधि झा,उमेश सिंह,अय्याज खान,जसविंदर सिंह जस्सी,राजू सिंह,माही और विजय त्रिपाठी सहित कई कलाकारों के साथ फिल्म ‘वांटेड’ के निर्माण का हवाला दिया था।फिल्म निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच बाकायदा एग्रीमेंट भी हुआ था।आरोप है कि तय शर्तों के अनुसार न तो निवेश की रकम लौटाई गई और न ही वादा किया गया मुनाफा दिया गया।इसके बाद पीड़ित पक्ष ने सारनाथ थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा और करीब चार वर्षों तक फरार रहा।आरोपी के मुंबई में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 अगस्त की रात अंधेरी स्थित पटेलवाणी प्रजापति कंपाउंड में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को वाराणसी लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी,उपनिरीक्षक अवनीश कुमार मिश्र,हेड कांस्टेबल शिव शंकर राय और कांस्टेबल अरविंद यादव शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .