संवाददाता अंबेश कुमार यादव
गोरखपुर
सहजनवा, गोरखपुर। सहजनवा नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। गहासांड रेलवे फाटक से करीब 300 मीटर की दूरी पर रेलवे पटरी के किनारे सड़क पर भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा खुले में डाला जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लंबे समय से यहां लगातार कूड़ा डंप किए जाने से सड़क के किनारे गंदगी का अंबार लग गया है। कूड़े के कारण आसपास के पेड़-पौधों और हरियाली पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कूड़े से निकलने वाले गंदे पानी के जमीन और आसपास के जलस्रोतों में पहुंचने से जल प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है।
वहीं, भारी मात्रा में जमा कूड़े के कारण मक्खियों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे आसपास के लोगों को दुर्गंध और संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से आवागमन में भी परेशानी होती है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। कई बार समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि रेलवे पटरी के किनारे खुले में कूड़ा फेंकने पर तत्काल रोक लगाई जाए, जमा कूड़े को हटाकर नियमित कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को हो रहे नुकसान की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

0 Comments