Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

खाकी के साये में गांजे का कारोबार!



संवाददाता अंबेश कुमार यादव सहजनवा 


गीडा सेक्टर-15 से कालेसर जीरो प्वाइंट तक अवैध बिक्री के आरोप, ‘चढ़ावे’ के दावों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में अवैध नशे के कारोबार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गीडा थाना क्षेत्र के पिपरौली पुलिस चौकी अंतर्गत गीडा सेक्टर-15, कालेसर जीरो प्वाइंट समेत आसपास के कई इलाकों में कथित रूप से गांजे की अवैध बिक्री लंबे समय से संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कार्रवाई के अभाव में कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।


सबसे गंभीर आरोप पुलिस संरक्षण को लेकर लगाए जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों और कथित तौर पर कारोबार से जुड़े कुछ लोगों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि थाने के एक ‘कारखास’ सिपाही के माध्यम से हर महीने हजारों रुपये का कथित चढ़ावा पुलिस तंत्र तक पहुंचाया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इनकी सत्यता की जांच आवश्यक है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि खुलेआम नशीले पदार्थ की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं तो आखिर संबंधित पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हो रही? यदि जानकारी है तो प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? यही सवाल अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


आरोप यह भी है कि गीडा सेक्टर-15 और कालेसर जीरो प्वाइंट के आसपास कुछ स्थानों पर कथित रूप से गांजे की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवाओं और अन्य लोगों तक नशे का सामान पहुंचने की शिकायतें लंबे समय से सुनने को मिल रही हैं। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .