Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

मासिक अपराध समीक्षा में पुलिस आयुक्त का सख्त संदेश,लापरवाही पर गिरेगी गाज,कई थाना प्रभारियों का तबादला

 


रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय


वाराणसी।पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने 29 अगस्त 2026 को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात और जनसुनवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, विवेचना एवं कानून-व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी ही थानाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे, जबकि लापरवाही और निष्क्रियता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी। अवैध जुआ, सट्टा, देह व्यापार, हुक्का बार और मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी निगरानी के लिए एसओजी-2 का गठन कर उप निरीक्षक पंकज चौहान को प्रभारी नियुक्त किया गया। समीक्षा के दौरान कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया। राजीव कुमार सिंह, दिलीप कुमार मिश्रा और दयाराम को पुलिस लाइन भेजा गया, जबकि अजय राज वर्मा को फूलपुर, विजय कुमार शुक्ला को चौक, दिगम्बर उपाध्याय को मण्डुवाडीह, पवन पाण्डेय को चेतगंज, अभिजीत सिंह को लोहता तथा जितेन्द्र कुमार को राजातालाब का प्रभारी बनाया गया। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त अपूर्व पाण्डेय को साइबर क्राइम और अवकाश से वापस लौटीं प्रज्ञा पाठक को एसीपी कैण्ट की जिम्मेदारी दी गई।पुलिस आयुक्त ने D-60 एवं D-90 श्रेणी की लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस, लूट एवं चेन स्नैचिंग की घटनाओं के प्रभावी अनावरण तथा दूसरे थाना क्षेत्र या जनपद में अपराध करने वाले अपराधियों की निगरानी के निर्देश दिए। वित्तीय फ्रॉड के मामलों में धारा 111 BNS एवं 107 BNSS के प्रावधानों का प्रभावी उपयोग कर पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने पर जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था सुधारने, नियमित पैदल गश्त, अतिक्रमण हटाने और खराब यातायात व्यवस्था वाले क्षेत्रों में थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी गई। स्कूल, कोचिंग एवं हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, CCTV कैमरों की जांच, शोहदों व अराजक तत्वों पर कार्रवाई तथा थानों में CCTV को सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। सभी FIR और गुमशुदगी की ACP स्तर पर नियमित समीक्षा तथा थाना प्रभारियों को CUG नंबर अनिवार्य रूप से रिसीव करने और कॉल मिस होने पर कॉल बैक करने के निर्देश भी दिए गए। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पुख्ता रखने को कहा गया। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .